अंबेडकरननगर। अकबरपुर व कटेहरी विद्युत उपकेंद्र पर 5-5 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाकर उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही विभाग करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च कर 216 ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि करने व 55 ट्रांसफाॅर्मर के निकट सुरक्षा घेरा बनाने पर तेजी से काम करवा रहा है। ताकि गर्मी शुरू होने से पहले ही अकबरपुर विद्युत वितरण खंड के 13 उपकेंद्रों से जुड़ी करीब पांच लाख की आबादी को निर्बाध बिजली मिल सकेगी।
गर्मी का मौसम आने के साथ ही उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या का डर सताने लगता है। गर्मी के समय बिजली की खपत बढ़ने के साथ ही उपकरणों में गड़बड़ी भी होने लगती है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। इससे निपटने के लिए विभाग उपकेंद्रों व गांवों में उपकरणों को बेहतर करने की मुहिम में जुट गया है। ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही जर्जर उपकरण बदले जाएंगे। इसके अलावा ओवरलोडिंग से ट्रांसफार्मरों के फुंकने की घटना को कम करने के लिए 1666 ट्रांसफाॅर्मरों में बैक लाइट स्ट्रिप लगाई जाएगी। यह ट्रांसफाॅर्मरों को फुंकने से बचाने में मदद करेगी।
ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज की समस्या को कम करने के लिए चिह्नित 98 ट्रांसफाॅर्मरोंं के पास अर्थिंग की व्यवस्था की जा रही है। विभाग के मुताबिक करीब 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इससे कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलने लगी है। बीते दिनों बैरमपुर बरवां विद्युत उपकेंद्र पर पांच एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया है। इस उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली देने में मदद मिल रही है। जल्द ही अकबरपुर व कटेहरी उपकेंद्र पर 5-5 एमवीए के नए ट्रांसफाॅर्मर लगा दिए जाएंगे। इसके अलावा जल्द ही 18 स्थानाें पर नए ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाएंगे, जिससे गर्मी में उपभोक्ताओं को अघोषित कटौती का सामना न करना पड़े।
तेजी से चल रहा काम
विद्युत उपकेंद्रों के साथ ही गांवों में लगे ट्रांसफाॅर्मरों को बदलने का काम तेजी से चल रहा है। सभी एसडीओ व अवर अभियंता को निर्देश है कि पूरी तत्परता के साथ इस काम को कराएं। अप्रैल माह के प्रथम पखवाड़े में काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कई क्षेत्रों में उपकरणों को बदला जा चुका है। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने का प्रयास जारी है। - अनूप कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत