अंबेडकरनगर। सीने में दर्द की शिकायत के बाद जिला जेल में बंद पूर्व विधायक पवन पांडेय को बुधवार आधी रात में आनन-फानन जिला अस्पताल लाया गया। यहां कड़ी सुरक्षा में उनकी जांच की गई। इसके बाद केजीएमयू लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
करोड़ों की भूमि का लाखों रुपये में सौदा करने के आरोपों में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे गए अकबरपुर के पूर्व विधायक पवन पांडेय की तबीयत पिछले कुछ दिनों से जेल में खराब चल रही है। एक सप्ताह जेल के अस्पताल में इलाज चलने के बाद सुधार नहीं हुआ तो जिला अस्पताल से चिकित्सकों की टीम ने पहुंचकर उपचार किया। इस बीच बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे उन्हें एक बार फिर सीने में दर्द होने लगा। जेल प्रशासन ने वरिष्ठ अधिकारियोंं को इससे अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक को तत्काल जिला अस्पताल लाने का निर्णय हुआ। यहां उनका एक्सरे करने के साथ ही ईसीजी हुई। खून की जांच के साथ ही चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार कर उनकी हालत फौरी तौर पर सामान्य की। इसके बाद रात डेढ़ बजे के करीब उन्हें केजीएमयू लखनऊ ले जाने की सलाह देते हुए रेफर कर दिया गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा में पूर्व विधायक को लखनऊ भेज दिया गया।