इसकी जानकारी किसानों को गुरुवार सुबह हुई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कटान रोकने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसी बीच सूचना मिलने सिंचाई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। उधर कटान के बाद पानी के बहाव की चपेट में आने से एक मवेशी की भी मौत हो गई।
अकबरपुर तहसील क्षेत्र के अशरफपुर पचाउख गांव के निकट से बह रही शारदा सहायक नहर में बुधवार देर रात अचानक कटान हो गई। कटान इतनी अधिक थी कि देखते ही देखते नहर के पानी से आसपास की 100 बीघा से अधिक की फसल पानी में डूब गई।
नहर का पानी खेतों को जलमग्र करने के बाद गांव की तरफ भी तेजी से बढने लगा । इस बीच गुरुवार भोर में जब कुछ किसान शौच के लिए खेत की तरफ गए तो वहां चारों तरफ पानी भरा देखा। खेत पूरी तरह जलमग्र नजर आए। नहर का पानी तेजी से गांव की तरफ बढ़ रहा था।
इस पर किसानों नें इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी। इस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कटान रोकने का प्रयास करना शुरू कर दिया। उधर कटान की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी ेमजदूरों को लेकर मौके पर पहुंच गए।
समाचार प्रेषण तक कटान रोकने का प्रयास जारी था। गांव के तरुण कुमार, रामनरेश, बृजलाल, बाबूराम, संजय, कृष्णकांत ने बताया कि 100 बीघा से अधिक की धान की फसल जलमग्र हो चुकी है। कटान के चलते पानी के बहाव की चपेट में आने से एक मवेशी की भी मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक कटान पर काबू पा लिया गया तो इस पानी से ज्यादा नुकसान नहीं होगा। उधर एसडीएम सदर पंकज ने देर शाम बताया कि कटान पर काबू पा लिया गया है।