अंबेडकरनगर। दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण, शल्य चिकित्सा कार्ड, शादी विवाह अनुदान प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं में पात्रों का आवेदन कराने के लिए ब्लॉक मुख्यालयों पर शिविर का आयोजन होगा। 30 नवंबर से शिविरों के आयोजन की प्रक्रिया शुरू होगी और 10 दिसंबर को समापन होगा। इसमें जिला प्रशासन ने पात्रों से ब्लॉक मुख्यालयों पर निर्धारित तिथि को पहुंचकर अपना आवेदन करने को कहा है।
एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं के पात्र अपना आवेदन आसानी से कर सकें, इसके लिए शासन के निर्देश पर वृहद शिविरों का आयोजन 30 नवंबर से होगा। सीडीओ घनश्याम मीणा ने बताया कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण, शल्य चिकित्सा यूडीआईडी कार्ड, शादी विवाह अनुदान प्रोत्साहन योजना, 60 वर्ष से ऊपर के वृद्धजनों को कृत्रिम अंग, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन व दिव्यांग पेंशन शिविर का आयोजन होगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। 30 नवंबर को जलालपुर, एक दिसंबर को भियांव, दो को रामनगर, तीन को जहांगीरगंज, 4 को कटेहरी, 7 को भीटी, 8 को टांडा, 9 को बसखारी व 10 दिसंबर को अकबरपुर ब्लॉक में शिविर का आयोजन होगा। सीडीओ ने योजना व शिविर के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निर्देशित किया है। कहा कि शिविर स्थल पर मेडिकल बोर्ड व दिव्यांगजनों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
सीडीओ ने पात्र दिव्यांगों से शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया है। कहा कि शिविर में आवेदन की व्यवस्था होगी, जिससे उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। दिव्यांगों को अपने साथ दिव्यांगता प्रदर्शित फोटो, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, दिव्यंागता प्रमाणपत्र, यूडीआईडी प्रमाणपत्र आधारकार्ड, जाति प्रमाणपत्र लाना होगा। सीडीओ ने इस विशेष शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया है। कहा कि शासन के निर्देश पर यह शिविर आयोजित हो रहा है। ऐसे में दिव्यांगों को इसका अधिकाधिक लाभ मिले, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।