मरैला विद्युत उपकेंद्र में एकमुश्त समाधान योजना शिविर का निरीक्षण करते अधिकारी।
अंबेडकरनगर। रविवार के अवकाश के बीच भी जिले के सभी चार विद्युत वितरण खंड क्षेत्र के 80 शिविरों में उपभोक्ताओं ने पहुंचकर बकाया बिजली बिल जमा किया। विद्युत वितरण खंड अकबरपुर क्षेत्र में लगभग 450 उपभोक्ताओं ने 17 लाख रुपये से अधिक का बकाया बिल जमा किया। इसके अलावा अन्य बिजली उपकेंद्र क्षेत्र में भी योजना का उपभोक्ताओं ने लाभ उठाया।
15 दिसंबर से जिले के 80 शिविर में एकमुश्त समाधान योजना के तहत बकाया बिजली बिल जमा करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। शुरुआती दौर से ही योजना का उपभोक्ताओं ने बढ चढ़कर लाभ उठाना शुरू किया। रविवार के अवकाश पर भी सभी शिविर में बिजली बिल जमा करने का काम जारी रहा।
सुबह से ही उपभोक्ताओं का संबंधित शिविर में पहुंचकर बकाया बिजली बिल जमा करने का काम शुरू हो गया। अधिशाषी अभियंता बिजली अकबरपुर आशीष कुमार यादव ने बताया कि अकबरपुर बिजली वितरण केंद्र क्षेत्र में लगे अलग अलग शिविर में रविवार को 450 उपभोक्ताओं ने पहुंचकर लगभग सवा 17 लाख रुपये की बिल राशि जमा की। उन्होंने इस बीच जमुनीपुर, बेवाना, कटेहरी, मरैला, इंजीनियरिंग कॉलेज, अरिया समेत अन्य शिविर में पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील किया कि वे योजना का बढ़ चढ़कर लाभ उठाएं।
इसके अलावा अन्य विद्युत वितरण खंड क्षेत्र में भी शिविर के माध्यम से बकाया बिजली बिल जमा की गई। इस बीच रफीगंज बाजार में वाहन पर लाडस्पीकर के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना के बारे में जानकारी दी गई। कहा गया कि तीन अलग अलग चरणों में चलने वाले अभियान का सभी बढ़ चढ़कर लाभ उठाएं।