अंबेडकरनगर। भियांव विकासखंड के मुंडेहरा ग्राम प्रधान पद के उपचुनाव में आज 3 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए कलेक्ट्रेट से छह पोलिंग पार्टियां एक दिन पहले ही बूथों पर पहुंच गईं। कुल 3838 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसी क्रम में भियांव विकासखंड के मुंडेहरा ग्राम पंचायत में प्रधान पद का उपचुनाव होना है। नामांकन व जांच आदि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को 6 पोलिंग पार्टियां कलेक्ट्रेट से रवान हो गई। शाम होने से पहले सभी 24 कर्मचारी मुंडेहरा मतदान केंद्र पर पहुंच गए।
यहां 3 फरवरी की सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक 6 बूथ पर मतदान कराया जाएगा। प्रधान पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी अब्दुल रहमान, मोहम्मद अकमल, गीता, तीजू, लक्ष्मी, मनोज कुमार, सरवर, प्रदीप कुमार, हाजरा खातून, ओमप्रकाश व नूरजहां मैदान में हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत डॉ. महेश चन्द्र द्विवेदी ने बताया कि 3848 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान को सुचारू ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं।