दुर्घटना के बाद यात्रियों से बातचीत करते पुलिसकर्मी। संवाद
अंबेडकरनगर। प्रयागराज महाकुंभ से सिद्धार्थनगर लौट रही निजी बस अकबरपुर कोतवाली के टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग के किशुनपट्टी के निकट गन्ना नदी ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में बस में सवार एक ही परिवार के चार लोगों समेत आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक बस को सड़क किनारे खड़ी कर भाग निकला। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनोंं से सिद्धार्थनगर भेजा गया।
सिद्धार्थनगर जनपद के मधुपुर नवगढ़ निवासी तनु (26) के अनुसार वह अपनी मां सुशीला अग्रहरि (50), बहन सोनी (35), पांच वर्ष के भतीजे के साथ 27 जनवरी को श्रीबाला जी ट्रैवेल्स नौगढ़ की बस से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए गए थे। मौनी अमावस्या पर सभी ने त्रिवेणी संगम में स्नान के बाद मेले का लुत्फ उठाया। उसी रात रात कुंभ में हादसे के बाद सभी वहां फंस गए थे। बृहस्पतिवार की रात जाम खुलने के बस वहां से सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हुई।
शुक्रवार सुबह पांच बजे के करीब अकबरपुर कोतवाली के किशुनपट्टी के पास बस अनियंत्रित होकर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। तेज आवाज के साथ बस में चीख पुकार मच गई। हादसे में तनु के परिवार के चार सदस्यों के अलावा गीता (40), बसोपुर गांव के विश्वनाथ तिवारी (70), मधुकरपुर की उर्मिला (50) समेत आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना की खबर लगते ही सीओ देवेंद्र कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। सीओ ने बताया कि बस सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन से सिद्धार्थनगर भेज दिया गया है।