अंबेडकरनगर। पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप निदेशक कृषि डॉ. अश्विनी सिंह ने बताया कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ता है, जिससे श्वसन रोग,दृश्यता में कमी, मृदा की उर्वरता में ह्रास तथा जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। रोकथाम के लिए जनपद में नियंत्रण एवं अनुश्रवण सेल गठित कर दिया गया है, जो पराली जलाने की घटनाओं की रोजाना निगरानी व रिपोर्टिंग करेगा।
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि पराली जलाने से जमीन की उर्वरता घटती है और लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन हेतु मल्चर, हैप्पी सीडर, सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, रोटावेटर, ज़ीरो टिल सीड ड्रिल जैसे आधुनिक यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता रथ, कृषक गोष्ठियों, पंपलेट वितरण, ऑडियो-विज़ुअल माध्यमों तथा स्थानीय रेडियो के जरिये किसानों को जागरूक करें। प्रधानों, स्वयंसेवी संगठनों को मिलकर काम करना होगा।