अंबेडकरनगर। जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में बसपा प्रत्याशी डॉ. छाया वर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। साथ ही प्रशासन ने उपचुनाव को लेकर तैयारियां और तेज कर दी हैं। मंगलवार को डीएम व एसपी ने अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही तय हुआ कि संवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया जाएगा और जरूरत पड़ी, तो नए सिरे से संवेदनशील केंद्रों की सूची तैयार होगी।
जलालपुर उपचुनाव में बसपा प्रत्याशी डॉ. छाया वर्मा द्वारा मंगलवार को नाम निर्देशनपत्र जमा करते ही नामांकन करने का श्रीगणेश हो गया। नामांकन की प्रक्रिया एक दिन पहले सोमवार से शुरू हुई थी। हालांकि, पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकनपत्र जमा नहीं किया। मंगलवार को बसपा प्रत्याशी छाया अपने पिता पूर्व मंत्री लालजी वर्मा, राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर,पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय, त्रिभुवनदत्त के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची और तीन सेट में नामांकनपत्र जमा किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने बसपा प्रत्याशी का जोरदार स्वागत किया और उनका मनोबल बढ़ाया। गौरतलब है कि अभी बसपा के अलावा सिर्फ कांग्रेस ने सुनील मिश्र को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सपा व भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
इस बीच जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों को और गति प्रदान करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। कहा कि किसी भी दशा में नियमों के साथ कोई शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। दोपहर बाद डीएम व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचकर मतगणना से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। कहा कि सीसीटीवी कैमरे परिसर के बाहर एवं गेट पर अवश्य लगे होने चाहिए। मतगणना के दौरान कई तरह के जरूरी प्रबंध का अधिकारियों ने जायजा लेने के साथ ही बिंदुवार समीक्षा किया। इस मौके पर एडीएम अमरनाथ रॉय के अलावा विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विधानसभा उपचुनाव तथा आने वाले पर्वों को देखते हुए प्रशासन ने पूरे जिले में धारा 144 लागू कर दी है। यह आगामी 31 अक्तूबर तक लागू रहेगी। अपर जिला मजिस्ट्रेट अमरनाथ रॉय ने आदेश जारी करते हुए कहा कि धारा 144 की किसी भी शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धारा 144 का पालन अत्यंत प्रभावी ढंग से सुनिश्चित कराया जाए।