अंबेडकरनगर में घर से दूध लेने निकली बीएससी की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी खेत की तरफ से भाग निकले। घटना के बाद घरवालों और ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। गांव के ही दो लड़कों पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यूपी के अंबेडकरनगर में बृहस्पतिवार देर शाम घर से दूध लेने जा रही बीएससी की छात्रा की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से भाग निकले। घटना से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी केशव कुमार व सीओ ने परिजनों को समझाया। रात करीब 10 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विज्ञापन
हंसवर क्षेत्र के नरकटा बैरागपुर की है। यहां के निवासी पारस नाथ मौर्य की 22 वर्षीय बेटी दीपांजलि मौर्य स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय प्रीतमपुर नारायणपुर में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। देर शाम करीब 8:15 बजे वह घर से दूध लेने के लिए 50 मीटर दूर स्थित हरिराम मौर्य के घर जा रही थी।
रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे दो युवकों ने दीपांजलि को दबोच लिया। उसका मुंह दबाकर असलहे से गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर पैदल ही खेतों के रास्ते भाग निकले। परिजन जब तक मौके पर पहुंचे तब तक दीपांजलि की मौत हो चुकी थी। गोली चलने से गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर पूरा गांव जुट गया।
पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया
सूचना मिली तो एसपी केशव कुमार, सीओ टांडा शुभम कुमार, थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। दीपांजलि के परिवार में पिता के अलावा मां, भाई शेषमणि मौर्य, सूर्यमणि मौर्य हैं। भाई सूर्यमणि ने गांव के ही संदीप यादव व खुशीराम मौर्य पर हत्या का आरोप लगाया। परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझा कर शांत किया।