अंबेडकरनगर। मालीपुर थाने में तैनात मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार आर्य ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
गोंडा के मूल निवासी दिनेश के मुताबिक पत्नी किरन कुमारी कई साल पहले बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी और उनके खिलाफ गुजारा भत्ता व घरेलू हिंसा का केस दर्ज करा दिया, जो न्यायालय में विचाराधीन है। 15 अप्रैल की शाम छह बजे बेटी रितिका के फोन पर उनकी सास मालती देवी ने कॉल करके उन्हें गालियां दीं।
रात 10 बजे उन्होंने वह रिकॉर्डिंग गोंडा के मलिकापुर में तैनात अपने साले लेखपाल अजय कुमार को भेजी और सास को समझाने को कहा। इस पर अजय ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसी दिन रात डेढ़ बजे उनके थाने के आरक्षी हिमांशु शाक्य ने उनसे फोन पर बताया कि तीन संदिग्ध उनकी पूछताछ करने थाने आए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने थानाध्यक्ष को दी।
आरोप है कि उनका साला पूर्व में भी मारपीट कर चुका है। साले के साथ गाजीपुर के सिधौना निवासी राहुल व उसके साथी उनकी हत्या की मंशा से आए थे। थानाध्यक्ष स्वतंत्र मौर्य ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)