जिला अस्पताल में दवा लेने के लिए लगी मरीजों व तीमारदारों की कतार।
अंबेडकरनगर। फरवरी की शुरुआत से ही दिन में चटख धूप, सुबह व रात को मौसम के सर्द होने के कारण लोग बीमारियों के चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी व पीएचसी में मरीजों की भीड़ बढ़ी है। इसमें सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 170 से 200 तक मरीज सर्दी, खांसी व बुखार के पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में भी मरीज लगातार बढ़े हैं। बुधवार को ऐसे 157 मरीजों ने चिकित्सक को दिखा कर दवा ली। जिला अस्पताल इलाज कराने आई टांडा के जनार्दनपुर निवासिनी अशरफा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण तीन दिनों से उन्हें बुखार आ रहा था। चिकित्सक ने जांच कराकर दवा दी है। अकबरपुर के समइसा निवासी रामसजन ने बताया कि हाथ पैर में दर्द व बुखार की दवा लेने आए हैं। राजेसुल्तानपुर के रहने वाले बबलू ने बताया कि दिन में खेत में काम करने के दौरान बीमार पड़ गया। चिकित्सक ने दवा दी है।
सावधानी बरतने की जरूरत
मौसम के मिजाज में हो रहे परिवर्तन के कारण सर्दी-खांसी, बुखार, जुकाम समेत अन्य बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके साथ ही खानपान का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। -
डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस