अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र के बरवा बैरमपुर गांव में शनिवार की सुबह आम के पेड़ पर झूला झूल रही 13 वर्षीय यासमीन की पेड़ की डाल टूटने से मौत हो गई।
बरवा बैरमपुर निवासी इरशाद ने बताया कि उन्होंने रामलखन वर्मा की बाग किराये पर ले रखी है। शनिवार की सुबह करीब सात बजे उनकी बड़ी बेटी यासमीन बाग में खेलने गई थी। खेलते-खेलते वह आम के पेड़ की एक डाल को पकड़कर झूला झूल रही थी। इसी दौरान अचानक पेड़ की डाल टूट गई और यासमीन पर गिर पड़ी। डाल गिरने से उसकी गर्दन में गंभीर चोट लगी। आननफानन परिजनों ने यासमीन को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार यासमीन के गले की हड्डी टूटने से उसकी मौत हुई है। इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव को लेकर घर चले गए। मृतका चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। (संवाद)