टांडा (अंबेडकरनगर)। घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम का शव घर के बगल तालाब में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
टांडा कोतवाली क्षेत्र के परसावां कला निवासी सोनू चतुर्वेदी का तीन वर्षीय पुत्र आयुष मंगलवार की शाम घर के बाहर खेल रहा था। उस समय घर के सदस्य खेत में गए हुए थे। बताया जाता है कि परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो आयुष को वहां न पाकर खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद आयुष का शव बगल स्थित तालाब में पड़ा मिला, इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को तालाब से बाहर निकलवाया, इसके बाद पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के सही कारण की जानकारी पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद भी हो पाएगी। (संवाद)