अंबेडकरनगर। महाकुंभ में श्रद्धालुओं को ले जाने व लाने के लिए जिले की 64 बसें 10 जनवरी को प्रयागराज के लिए रवाना होंगी। इन बसों के प्रयागराज चले जाने से आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू रहे महाकुंभ स्नान को लेकर जिले के परिवहन निगम ने भी तैयारी तेज कर दी है। अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में शामिल 71 बसों में से 64 बसों की आमद 10 जनवरी को प्रयागराज में करानी है। दरअसल यह बसें वहां से आने जाने वाले श्रद्धालुओं को लेकर उनके जनपद जाएंगी। परिवहन निगम कार्यालय के कर्मचारियों के अनुसार प्रयागराज में बने जिले के अस्थायी डिपो से 30 बसों का संचालन अकबरपुर और 34 बसों का संचालन कम्हरिया के लिए किया जाएगा।
साथ ही शाही स्नान 13, 14, 29 जनवरी, तीन फरवरी, 12 व 26 फरवरी को होने के चलते उस दिन श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। इसके लिए अगर जरूरत पड़ी तो अन्य जनपदों से बसों को मंगवाया जाएगा।
अन्य स्थानों के लिए होगी परेशानी
जिले से 64 बसों के कुंभ में चले जाने के बाद अन्य स्थानों पर यात्रा करने के लिए यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। क्योंकि इसके बाद यहां डिपो में मात्र सात बसें ही रह जाएंगी। ऐसे में लखनऊ, आजमगढ़, बस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर सहित अन्य जनपदों की यात्रा करने वाले लोगों की दुश्वारियां बढ़ सकती हैं।
जरूरत पड़ी तो दूसरे जिलों से आएंगी बसें
64 बस कुंभ में भेजे जाने की तैयारी चल रही है। अन्य जनपद में जाने के लिए अगर परेशानी दिखी तो अयोध्या, गोरखपुर व बस्ती डिपो से बसों को बुला लिया जाएगा। - कुंवर हरिओम श्रीवास्तव, एआरएम