प्रधान डाकघर अकबरपुर परिसर में रखी डाक बाक्स की जांच करते बम निरोधक दस्ते की टीम।
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के प्रधान डाकघर के पासपोर्ट कार्यालय को बुधवार को बम से उड़ा देने की धमकी मिली। इसके बाद कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने हड़कंप मच गया। आननफानन वहां मौजूद लोग व कर्मचारी परिसर से बाहर निकल गए। मामले की सूचना आला अफसरों तक पहुंची तो सभी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
बम निरोधक दस्ता टीम मौके पर पहुंची। एलआईयू ने भी जांच शुरू कर दी। गहन छानबीन के बाद भी कोई ज्वलनशील वस्तु बरामद नहीं हो सकी। प्रधान डाकघर अकबरपुर प्रतिदिन की तरह सुबह 10 बजे खुला। कर्मचारी अपना कामकाज निपटा रहे थे। उपभोक्ता संबंधित काउंटरों पर रुपये जमा करने के साथ रजिस्ट्री कराने में व्यस्त थे। पासपोर्ट कार्यालय में भी कामकाज चल रहा था।
दोपहर 12 बजे के करीब डाकघर के पासपोर्ट कार्यालय प्रभारी लालजी निषाद को उनके मोबाइल ग्रुप पर संदेश प्राप्त हुआ कि पासपोर्ट के वाशरूम में 19 साइनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो दोपहर 2.10 बजे फटेंगे। संदेश पढ़ते ही उनके हाथ पैर फूल गए। वह सीधे प्रथम तल पर स्थित अपने कार्यालय से नीचे उतरे और पोस्टमास्टर नूतन सिंह को जानकारी दी।
इसके बाद सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। चंद देर बाद ही मौके पर भारी पुलिस बल व एलआईयू टीम बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंची। पूरे परिसर में सर्च अभियान चलाया गया। इसके बाद कोतवाल श्रीनिवास पांडेय व अन्य अधिकारियों ने डाकघर का चप्पा-चप्पा छान मारा लेकिन देर शाम तक डाकघर में बम नहीं मिला।
पासपोर्ट कार्यालय को भेजे गए संदेश में लिखा गया है कि तमिलनाडु की समस्याओं को इंदौर तक लाने के लिए माफी चाहता हूं। इसके अलावा इस संदेश में राजनीतिक दल से लेकर दुष्कर्म की घटनाओं का भी जिक्र किया गया है। साथ ही वाशरूम में 19 सायनाइड बम रखे जाने और सभी को नाक-मुंह बंद करने की चेतावनी भी दी गई है।