टांडा कस्बे में बिजली के खंभे से टकराने के बाद हादसे में खाद्य तेल से लदे ट्रक से निकलती आग की
अंबेडकरनगर। टांडा कस्बे में बुधवार भोर खाद्य तेल से लदा एक ट्रक बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। आग की लपटे निकलने के बाद भी चालक ने हिम्मत कर ट्रक को आबादी से दूर लेकर चला गया और तिरपाल व आग की चपेट में आए तेल के डिब्बे गिराकर मौके से भाग निकला।
जानकारी के अनुसार किराना के थोक विक्रेता पप्पू का गोदाम आर्य कन्या से आरकेबीके गली में है। बुधवार सुबह चार बजे प्रयागराज जिले से ट्रक किराना गोदाम पर खाद्य तेल व घी लेकर आया था। गली संकरी होने के कारण ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में खंभा टूटने के साथ ही तार से निकली चिंगारी ट्रक के तिरपाल पर गिर गई। आग की तेज लपटें निकलने पर लोग शोर मचाने लगे।
चालक ने पहले तो ट्रक धीरे-धीरे गली से बाहर निकाला। इसके बाद ट्रक पर जल रहा तिरपाल खींचकर नीचे गिरा दिया और मौके से भाग निकला। लोगों ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग बुझाई। पुलिस ने ट्रक की खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। लोग जहां ट्रक चालक की सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टलने की बात कह रहे थे। वहीं सकरी गली में गोदाम हटवाने की मांग उठने लगी है।
सभासद नवाब साबरी, नाजिर खान, गुड्डू और राजू ने बताया कि गली सकरी होने के साथ ही इस मार्ग पर स्कूली बच्चों का आना जाना बना रहता है। कई बार गोदाम को स्थानांतरित करने की शिकायत की गई। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि चालक ट्रक लेकर भोर में ही लापता हो गया। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।