मालीपुर। बेवाना क्षेत्र के अहलादे गांव में सोमवार सुबह गांव निवासी राजा (22) का शव घर से करीब 150 मीटर दूर घीना बाग में पेड़ से लटका मिला। मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।
पिता हरीश चंद्र ने बताया कि राजा सूरत में नौकरी करते थे। सितंबर माह में तबीयत खराब होने के कारण वह घर लौट आए थे। रविवार रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे।
सोमवार सुबह करीब पांच बजे कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घर से लगभग 150 मीटर दूर बाग में राजा का शव पेड़ से लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गांव में भीड़ जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
राजा अविवाहित थे और तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई रोशू और रोशन घटना से स्तब्ध हैं। वहीं, मां हीरावती और छोटी बहन नंदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। (संवाद)