अंबेडकरनगर। थाना महरुआ क्षेत्र में रविवार की शाम एक बंद पड़े खंडहरनुमा घर में मिले युवक के शव की शिनाख्त भीटी के शबना तिवारी गांव के राजकुमार के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के अनुसार राजकुमार नशे का आदी था। वह कई महीनोंं से महरूआ में रह रहा था। घरवालों से वह कम ही मतलब रखता था। पहचान होने के बाद राजकुमार का पोस्टमार्टम कराया गया।
रविवार को राजकुमार का शव महरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम कसड़ा में गोमती पब्लिक स्कूल मोड़ के पास बुधराम प्रजापति के खंडहरनुमा मकान में मिला था। शव कई दिन पुराना होने के नाते उस वक्त पहचान नहीं हो पाई थी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। कपड़ों के आधार पर राजकुमार के घरवालों ने पहचान की। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।