अंबेडकरनगर। जिले के 18 पीएमश्री पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में अब ब्लूटूथ स्पीकर के माध्यम से बच्चों को कहानी, कविता, गीत और पहेलियों के जरिए सीखने का अवसर मिलेगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने स्पीकर खरीदने के लिए सभी चयनित विद्यालयों को पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी है। जल्द ही खरीद कराकर इनका इस्तेमाल शुरू कराया जाएगा।
जिले में कुल 1,583 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें 20 विद्यालयों को पीएमश्री योजना के तहत चयनित किया गया है। फिलहाल 18 पीएमश्री विद्यालयों में संचालित को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं के लिए ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराए जाएंगे। इनका इस्तेमाल विशेष रूप से तीन से छह वर्ष के बच्चों की गतिविधियों में किया जाएगा।
हर शनिवार को मॉडल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ईसीसीई एजुकेटर स्पीकर के माध्यम से कहानी, कविता, गीत और पहेलियां सुनाकर बच्चों को गतिविधियों से जोड़ेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों की भाषा, सुनने की क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना है। गतिविधियों के जरिए बच्चों को अपनी भावनाएं व्यक्त करने और आसपास के वातावरण को समझने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने स्पीकर की खरीद के लिए तकनीकी मानक भी तय किए हैं। स्पीकर कम से कम 30 वाट क्षमता का होना चाहिए। इसमें ब्लूटूथ 5.3 या उससे अधिक, कम से कम 10 मीटर की कनेक्टिविटी रेंज और डुअल 5.2 या उससे अधिक के ड्राइवर होने जरूरी हैं। इसके अलावा रिचार्जेबल बैटरी, कम से कम तीन घंटे का बैटरी बैकअप, 2000 एमएएच या अधिक क्षमता, माइक्रोफोन इनपुट तथा वॉल्यूम और प्लेबैक कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी अनिवार्य की गई हैं।
विद्यालयों को भेजी गई धनराशि
योजना के तहत जिले के 18 विद्यालयों का चयन किया गया है। प्रत्येक को स्पीकर खरीदने के लिए पांच हजार रुपये दिए गए हैं। धनराशि विद्यालयों को भेज दी गई है। जल्द खरीद कराकर इसका उपयोग शुरू कराया जाएगा।
- डॉ. पूनम मिश्रा, बीएसए