अंबेडकरनगर। सामाजिक सरोकारों में भागीदारी निभा रहे अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एक अक्तूबर को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इसे सफल बनाने के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक युवाओं ने भागीदारी का संकल्प लिया है। रक्तदान के महत्व को लेकर अमर उजाला टीम से लोगों से बातचीत भी की।
दूसरों को जीवनदान के लिए 18 बार रक्तदान कर चुके संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष सूरज कुमार ने अमर उजाला फाउंडेशन की इस मुहिम की सराहना की। कहा कि वह अपनी टीम के साथ मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान करेंगे। उन्होंने रक्तदान जैसी महत्वपूर्ण मुहिम पर सभी लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया। प्रबंधक बजरंगी मोदनवाल भी अब तक 10 बार दूसरों के लिए रक्तदान कर चुके हैं। 11 वीं बार अमर उजाला की मुहिम में रक्तदान करने के लिए वह तैयार हैं। उनका मानना है कि यह मुहिम दूसरों को जीवन देने वाली है। कई बार हादसों में घायलों की मौत रक्त की कमी के चलते हो जाती है।
चिकित्सकों के सुझाव के बाद भी समय पर खून नहीं मिल पाता है। ऐसे में समाज के युवाओं की जिम्मेदारी है कि समय-समय पर रक्तदान करें, जिससे रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए। माइसिटी के अंक में सोमवार को प्रकाशित खबर के बाद विकास यादव, प्रेमशंकर वर्मा, योगेंद्र, अमित पटेल, सतीश गुप्त, अजहर, संदीप, रामपूजन कनौजिया, बृजेश जायसवाल, राजकुमार, अखिलेश गौड़, आकाश गुप्त, मोहम्मद याशीन, मोहम्मद टीपू, आकाश सोनी, रवि सिंह, गणेश मौर्य, बृजेश यादव व लवकुश सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने मोबाइल पर संपर्क कर रक्तदान की इच्छा जाहिर की। इनमें ऐसे युवा भी शामिल हैं जो इसके पहले कई बार स्वैच्छिक रक्तदान में भागीदार बन चुके हैं। उनका मानना है कि रक्तदान सिर्फ समाज सेवा तक ही सीमित नहीं है बल्कि शरीर को विभिन्न बीमारियां से बचाने में भी सहायक है। रक्तदान से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है।