भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर सेमरिया गांव में बीते दिनों लेखपाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान की पिटाई मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। कहा कि इब्राहिमपुर पुलिस मामले में मनमानी कर रही है।
कुछ लोगों के दबाव में आकर दोषियों को बचाने में जुटी है। मांग किया गया कि अविलंब मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव के नेतृत्व में एडीएम रामसूरत पांडेय से मिलकर कार्रवाई की मांग की गई। कहा गया कि इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ताजपूर सेमरिया गांव में भूमि पैमाइश के दौरान राजस्वकर्मी की पिटाई मामले को गंभीरता से लिया जाए।
बताया गया कि कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए जिस तरह से सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया, और राजस्वकर्मी की पिटाई की। बीच बचाव कर रहे जिला पंचायत सदस्य आदित्य प्रकाश शुक्ल व उनके भाई श्रीप्रकाश शुक्ल की भी पिटाई करना मामले की गंभीरता को दर्शाता है। इस घटना में पुलिस भी मनमानी कर रही है।
ऐसे में यदि अविलंब मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित न हुई तो संगठन आंदोलन शुरू करने को विवश होगा। इस मौके पर वरिष्ठ नेता रमाशंकर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, ज्ञानेन्द्र पांडेय, रुद्रप्रसाद उपाध्याय, इन्द्रमणि शुक्ल, दिनेश पांडेय, अमरनाथ सिंह, प्रभात सिंह, हरीश शुक्ल, रामचन्द्र उपाध्याय, रघुनंदन राजभर, गौरव, पंकज व राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।