जलालपुर। जैतपुर के अमदही के पास बुधवार दोपहर करीब 03:30 बजे स्कूल बस से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सलमान (21) की मौत हो गई व उनके साथी विकास (17) गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक अमदही निवासी सलमान (21) अपने दोस्त विकास (17) के साथ बुधवार दोपहर 3:30 बजे किसी काम से जैतपुर जा रहे थे। गांव से मुख्य मार्ग पर बाबा रामनाथ स्मारक विद्यालय की तेज रफ्तार बस पीछे से उनकी बाइक में टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सहित उछलकर दूर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बस को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। परिजन दोनों को गंभीर अवस्था में आजमगढ़ ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही सलमान की मौत हो गई। विकास की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीओ शुभम कुमार ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। संवाद