केदारनगर (अंबेडकरनगर)। इब्राहिमपुर थाने के पास रविवार की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के कलेशर गांव निवासी गौतम (29) रविवार की रात बाइक से केदारनगर बाजार आया था। उसके साथ बाइक पर पीछे गांव निवासी नरेंद्र (16) बैठा था। बताया जाता है कि जब दोनों बाइक से इब्राहिमपुर थाने के निकट पहुंचे, तभी, उधर से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही इब्राहिमपुर पुलिस टीम व डायल 108 के एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे।
एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद नरेंद्र की हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया। इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को अभिरक्षा में ले लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।