जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना मालीपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर रोडवेज बस और बाइक सवार पिता-पुत्र की टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी दोनों लोगों को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने पिता को मृत घोषित कर दिया जबकि पुत्र की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना मालीपुर क्षेत्र के सैरपुर उमरन गांव के रविंद्र कुमार (35) बुधवार की दोपहर अपने पुत्र बादल (13) के साथ किसी काम से सुरहूपुर जाने के लिए बाइक से निकले थे। दोनों मालीपुर मंसूरपुर के पेट्रोलपंप के पास पहुंचे ही थे, तभी शाहगंज से अकबरपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई लेकिन इसमें देर होता देखकर दोनों को एसओ आशुतोष शर्मा अपनी गाड़ी से लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। बाद में रास्ते में मिली एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी नगपुर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि बादल की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस बीच हादसे की सूचना मिलते परिवार में कोहराम मच गया। महिलाओं की चीखों से पूरा सीएचसी परिसर गूंज उठा। उधर, हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से वाहन छोड़कर भाग निकले। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। चालक का पता लगाया जा रहा है।
हेलमेट पहना होता तो शायद बच जाती जान
हादसे के समय रविंद्र कुमार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। यही वजह है कि जब बस से टकराकर गिरे तो सीधे सिर में गंभीर चोट लग गई। वहीं किशोर को भी सिर पर ही गंभीर चोट लगी है। यही वजह है कि उसकी हालत भी अभी चिंताजनक बनी हुई है।