अंबेडकरनगर के आलापुर में शनिवार को हुई भीषण मार्ग दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में एक शिक्षक समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शिक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार आलापुर थाना अन्तर्गत परवरडीह गांव निवासी राजकुमार (32) पुत्र बनारसी अपनी पत्नी सीमा (28) के साथ बाइक द्वारा शुक्रवार देर शाम रामनगर जा रहा था। बाजार के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें पहले सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। यहां इलाज के दौरान देर रात राजकुमार की मौत हो गई, जबकि सीमा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना पीटना मचा हुआ है।
वहीं अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में शिक्षक समेत तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय समैसा में सहायक अध्यापक पद पर तैनात जहांगीरगंज थाना अन्तर्गत किशुनपुर बजदहा गांव निवासी कवींद्र (35) पुत्र दलसिंगार शनिवार सुबह बाइक से विद्यालय जाते समय जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए।
उन्हें पहले सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सम्मनपुर थाना अन्तर्गत सिकंदरपुर बाजार निवासी लालचंद्र (22) पुत्र खुशीराम शुक्रवार देर शाम बाइक द्वारा सम्मनपुर से घर जाते समय बाजार के निकट पहुंचने पर ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बेवाना थाना अन्तर्गत बेवाना निवासी रवि (17) पुत्र सुधीर शनिवार सुबह साइकिल से विद्यालय जाते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।