जहांगीरगंज। बाजार से लौट रहे बाइक सवार युवक को रोक कर कार सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर 30 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित युवक ने बदमाशों के विरुद्ध थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। लूट की वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।
मामला जहांगीरगंज थाना क्षेत्र का है। बताया जाता है कि उधरनपुर गांव निवासी अंकित दुबे अपने एक सहयोगी शमशेर के साथ बाइक पर सवार होकर रविवार की शाम गिरैयाबाजार से घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान बाजार से थोड़ा आगे पहुंचने पर कार सवार एक युवक ने आवाज देकर अंकित को रोक लिया। अंकित बाइक के साथ खड़ा हो गया। इस बीच कार सवार युवक उसके पास पहुंचे।
कार से दो बदमाश निकले और अंकित के सिर पर तमंचा सटा दिया। बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 30 हजार रुपये तथा मोबाइल लूट लिया। इसके बाद धक्का देकर गिरा दिया और कार में सवार होकर बदमाश फरार हो गए। पीड़ित युवक ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ थाने पहुंचकर मामले को लेकर तहरीर दी। वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा सकी। थानाध्यक्ष शंभूनाथ के मुताबिक वारदात की सूचना मिली है। पीड़ित की तहरीर पर मामले में छानबीन की जा रही है।