कटेहरी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र अहिरौली के यादवनगर तिराहा के निकट शुक्रवार को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अधेड़ को कुचल दिया। इसमें उसे गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोसाईगंज निवासी अरविंद कुमार (54) शुक्रवार सुबह बाइक से अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह यादवनगर तिराहा के निकट पहुंचा तो इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी कटेहरी में इलाज के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।