अंबेडकरनगर। सहालग का समय शुरू है। मैरिज लाॅन व होटल में उत्सव कार्यक्रम आयोजित होने लगे हैं। कई होटल व लान में पूर्व में लिए गए कनेक्शन से ही साज सजावट आदि में बिजली का प्रयोग किया जाता है। इसी मनमानी को रोकने के लिए बिजली विभाग अब सघन जांच करेगा। दरअसल नियम यह है कि ऐसे किसी आयोजन से पहले अलग से अस्थायी कनेक्शन लिए जाए।
जनपद में दो सौ से अधिक होटल व मैरिज लाॅन संचालित हैं। इनको मांगलिक कार्यक्रम के लिए अस्थायी कनेक्शन लेना होता है। लेकिन इक्का दुक्का लोगोंं को छोड़ दिया जाए तो कोई भी इसका पालन नहीं कर रहा है। मैरिज हाॅल, लाॅन के साथ ही लोग अपने घर व अन्य जगहों पर भी वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। कई मैरिज हाॅल कनेक्शन लिए हैं, उससे केवल लाइट का उपयोग करते हैं। जबकि कुछ जगहों पर कटिया फंसाकर बिजली का प्रयोग किया जाता है या फिर मीटर से पहले कट कर मैरिज हाॅल में बिजली आपूर्ति की जाती है।
अब ऐसा नहीं चलने पाएगा। मांगलिक कार्यक्रम में बिजली का प्रयोग करना है तो उसके लिए अस्थायी कनेक्शन लेना होगा। हालांकि संचालकों को कहना है कि वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान जनरेटर का प्रयोग किया जाता है। ऐसे में अस्थायी कनेक्शन लेना जरूरी नहीं है।
निर्धारित की गई रकम
बिजली विभाग के अनुसार होटल व मैरिज लाॅन के लिए 20 किलोवाट तक अस्थायी कनेक्शन दिए जाने का प्राविधान है। इसके लिए संचालक को वर वधू का कार्ड समेत अन्य दस्तावेज के साथ ही प्रतिदिन के हिसाब से 5700 रुपये की रकम विभाग के खाते में जमा कराने के बाद अस्थायी कनेक्शन जारी कर दिया जाता है।
मांगलिक कार्यक्रम में बिजली का प्रयोग करना है तो अस्थायी कनेक्शन लेना होता है। इसका पालन नहीं हो रहा है। जल्द ही बिजली विभाग की टीम लगन के दिन जांच करेगी। बिना कनेक्शन के बिजली का प्रयोग करते मिलने पर संबंधित के विरुद्ध केस दर्ज कराया जाएगा। -गिरीश नरायण मिश्र, अधीक्षण अभियंता