मृतक के घर के बाहर रोते बिलखते परिजन।
अंबेडकरनगर। तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारकर युवक को बोनट पर उठा लिया और करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया है। कार एक महिला चला रही थी, जो दुर्घटना के बाद कार छोड़कर फरार हो गई।
घटना बुधवार दोपहर अकबरपुर-पहितीपुर मार्ग पर हुई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (35) निवासी बैजपुर, अहिरौली के रूप में हुई है। वह अपने भतीजे मोहित (16) के साथ बाइक से ससुराल मौहरिया खानपुर से लौट रहा था। धर्मा मुबारकपुर के पास सुल्तानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से प्रमोद उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा, जबकि बाइक फंसकर कार के साथ घिसटती रही।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक महिला ने कार नहीं रोकी और करीब 100 मीटर तक प्रमोद को घसीटते हुए ले गई। गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही प्रमोद की मौत हो गई, जबकि मोहित को कटेहरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हंगामे की आशंका, भीड़ को पुलिस ने हटाया
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अकबरपुर-पहितीपुर मार्ग पर जाम लग गया। बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शव को हटवाया और कार को कब्जे में लेकर भीड़ को तितर-बितर किया। कार चालक महिला की तलाश शुरू कर दी गई है।
परिवार में कोहराम, न्याय की मांग पर अड़े ग्रामीण
प्रमोद के परिवार में कोहराम मच गया है। उसकी चार बेटियां संध्या (14), स्वेता (8), स्वीटी (6) और अदिति (3) हैं। मौत की खबर सुनकर पत्नी शांति बेहोश हो गई। माता फूलमती और पिता भगवानदीन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन होगा।