अंबेडकरनगर। बसखारी बाजार के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बसखारी थाना क्षेत्र के मोतिगरपुर गांव निवासी अमन भारती (19) अपने मित्र प्रदीप (21) के साथ बुधवार रात बाइक से अतरौलिया से घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह बसखारी बाजार के पास पहुंचे, तभी उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक चालक वाहन लेकर भाग गया।
हादसे में घायल अमन व प्रदीप को सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रदीप को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।