अंबेडकरनगर। अकबरपुर के डोमनेपुर निवासी विशाल कुमार (22) की शनिवार देर रात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। भाई मुकेश के मुताबिक गांव में दुर्गा पूजा का पंडाल सजा था। रात 10 बजे आरती करने के बाद विशाल अकबरपुर किसी काम से गए थे। रात 10:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। तभी अकबरपुर-अयोध्या के 50 नंबर ट्यूबवेल के पास एक वाहन बाइक से टकरा गया।
हादसे में वह उछल कर बाइक सहित दूर जा गिरे, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गईं। स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। हालत में सुधार होने पर रविवार को परिजन उसे घर ला रहे थे तभी रास्ते में अचानक तबीयत खराब हो गई।
कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। तीन भाइयों में विशाल सबसे छोटे थे। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पिता की मौत के बाद बेटा लौटा था घर
विशाल के पिता फुल्लन की 15 मई को अकबरपुर-अयोध्या मार्ग के श्यामगंज के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पिता के निधन के बाद विशाल दिल्ली से घर आए थे। अब वह वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। जिस जगह पर पिता की मौत हुई थी, उसी से 300 मीटर दूर बेटे ने भी सड़क हादसे में दम तोड़ दिया।