अंबेडकरनगर। अकबरपुर के बरधा भिउरा के निकट मंगलवार देर शाम पैदल जा रहीं वृद्धा बाइक की चपेट में आ गईं। हादसे में वृद्धा और बाइक सवार युवक दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अकबरपुर दोस्तपुर मार्ग बरधा भिउरा निवासी मालती सिंह (60) अपने पति अखंड प्रताप सिंह और बड़े बेटे आनंद सिंह के साथ रहती थीं। उनके छोटे पुत्र प्रमोद सिंह गांव में बने दूसरे मकान में रहते हैं। रात करीब आठ बजे वह बेटे को खाना देने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान अकबरपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार बेवाना के हरदोपुर रामपुर सकरवारी निवासी रंजीत (30) की बाइक पीछे से जा टकराई। हादसे में उनके सिर व शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आ गईं और हेलमेट न पहने होने के कारण रंजीत के सिर में गंभीर चोट आई। आनन फानन पुलिस व स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों न दोनों को मृत घोषित कर दिया। रंजीत का दो वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था। अचानक युवक और वृद्धा की मौत से दोनों परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।