अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के मैनपुर गांव के निकट सोमवार रात बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार स्नातक के छात्र की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
जैनापुर निवासी विशाल चौरसिया (22) सोमवार को गांव निवासी दोस्त प्रवेश मौर्य (23) के साथ भिदुड गांव बुआ के बेटे की वरीक्षा में शामिल होने गए थे। सोमवार को ही प्रवेश के भतीजे का बर्थडे था। इसके चलते दाेनों जल्दी वहां से वापस लौट आए थे। देर शाम दोनों किसी कार्य से जलालपुर बाजार गए थे। रात 9:30 बजे वापस लौटते वक्त मैनपुर गांव के निकट अनिल वर्मा के भट्ठे के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। हेलमेट न पहने होने के कारण विशाल के सिर में गंभीर चोटें लग गईं। प्रवेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को सीएचसी नगपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। प्रवेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के वक्त विशाल बाइक चला रहे थे। विशाल गांव में खेती किसानी के साथ ही बीए की पढ़ाई कर रहे थे। उनके बड़े भाई कुलदीप अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। बड़ी बहन साधना का विवाह हो चुका है। मां गोमती देवी और पिता राजेंद्र चौरसिया की पूर्व में मौत हो चुकी है।