फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सराफा बाजार में लौटी रौनक, खूब बिके जेवर

Wed, 13 Apr 2016 11:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
बुधवार को सराफा की दुकानों पर दिखी चहल-पहल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राष्ट्रीय आह्वान से पहले जिले में सराफा कारोबारियों की हड़ताल भले ही समाप्त हो गई थी लेकिन अब राष्ट्र व्यापी हड़ताल वापस होने से सराफा कारोबार पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद जगी है। दरअसल दुकानें खुल जाने के बाद भी हड़ताल की आशंका में तमाम ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच रहे थे।
विज्ञापन


सराफा कारोबारियों का मानना है कि हड़ताल समाप्ति की घोषणा का सकारात्मक असर अब उनके व्यवसाय पर भी दिखाई पड़ेगा। बुधवार को लगभग एक करोड़ का व्यवसाय हुआ है। गौरतलब है कि डेढ़ माह से भी अधिक समय से सराफा कारोबारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल चली आ रही थी।

एक्साइज ड्यूूटी में बढ़ोतरी वापस लिए जाने की मांग पर अड़े सराफा कारोबारियों ने दुकानें बंद कर रखी थी। लगभग डेढ़ माह की हड़ताल के बाद भी कोई नतीजा न निकलता देख पहले जिला मुख्यालय फिर टांडा नगर क्षेत्र के सराफा कारोबारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान खोल दिए थे।
विज्ञापन


यह बात अलग है कि इसके बाद भी उनकी दुकानों पर रौनक दिख नहीं रही थी। अब जबकि राष्ट्रव्यापी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय हुआ है, तब व्यवसाय पर इसका सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद देखी जा रही है।

सराफा व्यवसायी वीरेंद्र सेठ ने कहा कि दरअसल राष्ट्रव्यापी हड़ताल जारी रहने से ग्राहकों के मन में कई तरह की आशंकाएं थीं। इसके चलते ही वे दुकानों की तरफ कम आ रहे थे। दुकान खुलने के शुरुआती दौर में तो इक्का-दुक्का ग्राहक ही आ रहे थे। अब हड़ताल पूरे देेश में समाप्त हुई है तो इससे ग्राहक भी खरीदारी के लिए पहुंचने लगे हैं।

कहा कि अब लग्न का दौर भी शुरू हो रहा है। इसका लाभ भी मिलेगा। एक अन्य सराफा कारोबारी अमरदीप ने कहा कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते ग्राहकों के मन में यह आशंका थी कि नई डिजाइन के गहने शायद यहां उपलब्ध न हों। इस कारण भी दुकान खुलने के बाद कम ग्राहक पहुंच रहे थे।

हड़ताल समाप्ति का लाभ अब ठीक से सराफा व्यवसाय को होगा। उधर ग्राहक नीलिमा पांडेय ने बताया कि हड़ताल के दौरान मन पसंद डिजाइन के गहने न मिल पाने का संकट बना हुआ था। दुकान खुलने के बाद भी यह तय नहीं था कि नए डिजाइन के गहने उपलब्ध होंगे या नहीं।

कहा कि हड़ताल के दौरान सराफा करोबारियों को नए गहने मंगाने की जरूरत भी नहीं थी। एक अन्य ग्राहक देवेंद्र चौधरी ने बताया कि हड़ताल समाप्त होने से ग्राहकों ने राहत की सांस ली है। यूं तो यहां सभी दुकानें पहले से ही खुल गई थीं लेकिन अब हड़ताल समाप्त होने से गहनों की नई-नई रेंज उपलब्ध हो सकेगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें