अंबेडकरनगर। पुलिस लाइन में पुलिस की नई बैरक आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। बीते वर्ष थानावार पुलिसकर्मियों के रहने के लिए आवास का निर्माण कराया गया है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से बाहर किराए का कमरा लेकर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसे देखते हुए पुलिस लाइन में 100 पुलिस कर्मियों की क्षमता वाली बैरक के निर्माण के लिए शासन की ओर से चार करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
जिले की नौ तहसील में 25 लाख से अधिक आबादी रहती है। इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस लाइन और जिले के 18 थानों पर तैनात पुलिसकर्मी करते हैं। सिपाहियों के हिसाब से लाइन में आवास काफी कम हैं। जो हैं उनमें काफी असुविधा होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन के बाहर निजी भवनों में कराए पर रहने को विवश हैं। सिपाहियों की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शासन ने पुलिस लाइन परिसर में 100 पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए बैरक के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। पुलिस लाइन की खाली जमीन पर बैरक बनेगी। हॉस्टल में मेस व एक साथ खाना खाने के लिए डाइनिंग हाल भी रहेगा। काॅमन हाल, शौचालय और वाहन पार्किंग समेत एक छत के नीचे सभी आधुनिक व्यवस्थाएं मौजूद रहेगी। एसपी केशव कुमार ने बताया कि बजट मंजूरी हो गया है। जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा।