अंबेडकरनगर। कोटवा महमदपुर विद्युत उपकेंद्र में लगे 63 एमवीए के ट्रांसफार्मर के फुंकने से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गयी है। इसका सबसे प्रतिकूल प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत सप्लाई पर भी पड़ा है। इसके चलते पूरे इलाके में बुमश्किल आठ घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है। इस दौरान भी लो वोल्टेज के साथ ट्रिपिंग की समस्या कायम रहती है। इससे भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से उपभोक्ता हलकान है। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
बीते दिनों ही कोटवा महमदपुर विद्युत उपकेंद्र में लगा 63 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इससे अकबरपुर, भीटी, बेवाना, कटेहरी, जाफरगंज, महरुआ विद्युत उपकेंद्र को सुचारु बिजली आपूर्ति मिलना बंद हो गयी। इन उपकेंद्रों को बिजली आपूर्ति कोटवा महमदपुर से ही होती है। एक ट्रांसफार्मर के खराब होने से इससे जुड़े संबंधित उपकेंद्रों को सुचारु बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है।
शहरी क्षेत्रों में तो फिर भी रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली मिल जा रही है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। इसी कारण ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के तहत 18 घंटे की जगह वर्तमान में बमुश्किल आठ घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है। इस दौरान भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी सिझौली, गौहन्ना, कटरिया सम्मनपुर, मीरपुर शेखपुर, बरधाभिउरा, अंधियरवा, गौरा, राजनीपुर, चनवा चौराहा, घटकना, सोनगांव, नगवां, अटंगी समेत लगभग दो दर्जन गांवों के उपभोक्ताओं को उठानी पड़ रही है।
अघोषित कटौती से सभी हलकान
टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ता मनोज कुमार व अंगद जायसवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में सुचारु बिजली न मिलने से विभिन्न प्रकार की परेशानी उठानी पड़ती है। दिन भर होने वाली बिजली की आवाजाही के बाद रात में भी बमुश्किल चार से पांच घंटे ही बिजली मिल पाती है। किसान प्रदीप व सालिकराम ने कहा कि मौजूदा समय में धान का बेरन तैयार करने का कार्य चल रहा है। इसके लिए प्रत्येक दूसरे दिन सिंचाई करना पड़ता है। तेज धूप के चलते दिन में सिंचाई नहीं हो पाती है। इससे बेरन के गलने की संभावना रहती है। ऐसे में रात में ही सिंचाई की जाती है। मौजूदा समय में रात्रि 12 बजे बिजली आती है। इससे सिंचाई का संकट भी परेशान कर रहा है।
दुरुस्त हो रहा ट्रांसफार्मर
कोटवा महमदपुर विद्युत उपकेंद्र में जले 63 एमवीए ट्रांसफार्मर को बदले जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। शीघ्र ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसका संचालन शुरू कर सप्लाई को सामान्य बना दिया जाएगा।
वीके पटेल, अधिशासी अभियंता अकबरपुर