फोटो-10, अंबेडकरनगर के टांडा रोड स्थित बैंक आफ इंडिया में धन निकासी के लिए ग्राहकों की लंबी लाइन।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। लॉक डाउन के बीच धन निकासी के लिए सोमवार को जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं में उपभोक्ताओं की लंबी लाइन देखने को मिली। इस दौरान उपभोक्ताओं ने सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा।
लंबे लॉकडाउन के बीच जरूरी सामग्रियों की खरीददारी व अन्य जरूरत के लिए उपभोक्ताओं को धन की जरूरत पडने लगी है। उपभोक्ताओं को धन निकासी में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए एटीएम सेवा सुचारु रूप से कार्य करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, मौजूदा समय में ऐसा होता नहीं दिख रहा। लॉक डाउन का लगभग एक सप्ताह बीतने को है, ऐसे में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग अलग बैंकों के स्थापित 125 एटीएम के सापेक्ष लगभग 40 एटीएम कार्य नहीं कर रहे। इनमें कैश की कमी के चलते इसका लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है। इसका नतीजा है कि उपभोक्ताओं को अब संबंधित बैंक में लाइन लगाकर धन निकासी करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सोमवार को जिले के अलग अलग बैंक शाखाओं में धन निकासी के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइन देखने को मिली। हालांकि इस दौरान अच्छी बात यह रही कि उपभोक्ताओं ने सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा। एक दूसरे से एक मीटर से अधिक दूरी बनाकर लाइन में लगे। टांडा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया, रेलवे क्रासिंग स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण सूरापुर समेत कई अन्य बैंकों में उपभोक्ताओं की लंबी लाइन धन निकासी के लिए लगी रही। बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष लाइन में लगे उपभोक्ता केदारनाथ ने कहा कि उन्होंने दो तीन एटीएम तक की दौड़ लगाई, जब वहां धन निकासी नहीं हो सकी तो मजबूरन बैंक में लाइन लगानी पड़ी। उधर, एलडीएम आशीष सिंह ने बताया कि सभी एटीएम सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं।