फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छलनी है शहर की हर सड़क

विज्ञापन
फोटो-32, अंबेडकरनगर के रोडवेज पर इस तरह गड्ढे में तब्दील सड़क। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। शासन की साफ मंशा और निर्देश हैं कि सड़कें चकाचक हों। लोग सड़कों पर निकलें तो उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो। इसी मकसद से सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सरकार ने हिदायत भी दे रखी है। विडंबना यह है कि इसके बावजूद अकबरपुर शहर में छलनी हो चुकी तमाम सड़कों की सुध पीडब्ल्यूडी के अफसरों को नहीं है। इसका खामियाजा हर दिन करीब एक लाख आबादी व बाहरी यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है ।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता भले ही सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने की है, लेकिन उनके तमाम निर्देशों के बावजूद जिले के लोक निर्माण विभाग को इसकी कोई सुध नहीं है। जिला मुख्यालय से दूर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां तमाम प्रमुख मार्ग गड्ढों में तब्दील हैं, वहीं जिला मुख्यालय वाले अकबरपुर नगर में सड़कों की बदहाली तक दूर करने की परवाह पीडब्लूडी अधिकारियों को नहीं है। ऐसे समय में जब सड़कों में गड्ढा पाए जाने पर सरकार ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी तक दे रखी है। तब भी जिला मुख्यालय तक की सड़कों के गड्ढे दूर करने को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का रवैया लापरवाह बना हुआ है। प्रतिदिन स्थानीय नागरिकों व बाहरी यात्रियों को मिलाकर लगभग एक लाख व्यक्ति सड़कों में बने गड्ढों से जूझ रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की बेफिक्री जस की तस बनी है।
अकबरपुर नगर में पुराने तहसील तिराहे से लेकर फौव्वारा तिराहा होते हुए नई सड़क, दोस्तपुर चौराहा, पहितीपुर चौराहा तथा आसपास के मार्ग हद दर्जे तक गड्ढे में तब्दील हो चुके हैं। दोस्तपुर मार्ग पर नगर सीमा के भीतर तक मार्गों की हालत अत्यन्त खस्ताहाल है। कदम कदम पर गड्ढे इस तरह उत्पन्न हो गए हैं कि प्रतिदिन स्थानीय नागरिकों व यात्रियों को मुश्किल हो रही है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग मौन साधे हुए है।
विज्ञापन

अकबरपुर नगर में रेलवे क्रासिंग जौहरडीह से होकर तक्षशिला रूटस विद्यालय होते हुए बसखारी मुख्य मार्ग पर निकलने वाला मार्ग सर्वाधिक बदहाली का शिकार है। रेलवे स्टेशन के पीछे से होते हुए क्रासिंग तक तथा जौहरडीह से बसखारी मार्ग तक का पूरा क्षेत्र इस तरह गड्ढायुक्त हो गया है कि वाहनों का सुचारू ढंग से चलना संभव नहीं हो पाता। बड़े बड़े गढ्ढों के चलते अक्सर यहां हादसे भी होते रहते हैं। नगर के मुख्य मार्ग पर जाम लगने के दौरान यह वैकल्पिक मार्ग भी गड्ढों आदि के चलते जाम का सबब बन जाता है। क्योंकि गड्ढों से बचने के लिए वाहनों को आड़ा तिरछा कर निकालने के प्रयास में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
अकबरपुर नगर का पहितीपुर मार्ग आवागमन में स्थानीय नागरिकों व अन्य यात्रियों को काफी तकलीफ दे रहा है। पहितीपुर मार्ग के दोनों तरफ कृष्णानगर व इंद्रलोक कालोनी समेत कई नई कालोनियां बसी हुई हैं। इसके साथ ही तमाम प्रतिष्ठान व विद्यालय इसी मार्ग पर हैं। भिखारीपुर के निकट नेशनल हाइवे इस मार्ग को जोड़ता है। नेशनल हाइवे तक पहुंचने से पहले कसेरुआ से लेकर अकबरपुर में पहितीपुर चौराहे तक इतने ज्यादा गड्ढे बन गए हैं कि उनसे होकर गुजरते हुए यात्री व स्थानीय नागरिक प्रशासन को प्रतिदिन कोसते दिखते हैं। कई बार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद मार्ग की बदहाली जस की तस है।
नगर में ओवरब्रिज के निकट बस स्टेशन से लेकर पटेलनगर तिराहे तक के मार्ग में भी जगह जगह गड्ढों का सामना यात्रियों को करना पड़ रहा। पटेल नगर तिराहे से टांडा मार्ग पर कटरिया याकूबपुर के निकट तक पूरा मार्ग तथा पटेलनगर तिराहे से रमाबाई डिग्री कॉलेज मोड़ तक का मार्ग भी गड्ढों में तब्दील है। यह तीनों मार्ग वीआईपी मार्ग के तौर पर जाना जाता है। इसके बावजूद इन मार्गों की बदहाली दूर करने की तरफ प्रशासन का ध्यान नहीं जा पा रहा। लोक निर्माण विभाग सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के नाम पर मौन साधे है।
अकबरपुर नगर के रेलवे स्टेशन मार्ग की हालत भी अत्यन्त बदतर है। प्रतिदिन रेलवे स्टेशन जाने व आने वाले यात्रियों समेत इर्द गिर्द के क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को गड्ढों के चलते व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से नगर पालिका प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग दोनों को इस बारे में अवगत कराया गया, लेकिन गड्ढों को दूर करने की तरफ जिम्मेदारों का ध्यान नहीं जा पा रहा।
नगर के सभी मार्ग दुरुस्त कराए जाएंगे। मार्गों की हालत खराब होने की जानकारी है। एक-दो दिन में ही मार्गों को दुरुस्त कराने का काम शुरू करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

शंकर्षण लाल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें