जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को महाविद्यालयीय बैक पेपर की परीक्षाएं शुरू हुईं। रमाबाई महिला महाविद्यालय में तो एकदम आमने-सामने बैठकर छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
अवध विश्वविद्यालय की बैक पेपर परीक्षा बुधवार से प्रारंभ हुई। इसके लिए जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए। इसमें बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर, रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय अकबरपुर, टीएनपीजी कॉलेज टांडा सहित परुइया आश्रम स्थित महाविद्यालय व राजकीय पीजी कॉलेज आलापुर शामिल हैं। परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने के चलते पहले दिन अव्यवस्था का बोलबाला रहा। दरअसल नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए विवि प्रशासन प्रयास कर रहा है।
इसी कड़ी में पांच विद्यालयों को इस बार बैक पेपर परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया। ये बात अलग है कि संबंधित विद्यालयों व उसमें छात्र-छात्राओं के परीक्षा देने की संख्या का निर्धारण करते समय इस बात का ध्यान नहीं रखा गया कि वहां पर व्यवस्था कैसी व कितनी है।
इसी का खामियाजा बुधवार को सामने आया। रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में बेंच पर छात्र-छात्राएं एकदम सटकर व आमने-सामने बैठे थे। उन्हें देखकर ऐसा लग ही नहीं रहा था कि यहां परीक्षा चल रही है। कुछ ऐसा ही हाल अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी रहा। रमाबाई महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वशिष्ठ नारायन मिश्र ने बताया कि परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने से ये स्थिति उत्पन्न हुई, मगर अलग-अलग विषय व विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बैठाया गया था।