विश्व क्षयरोग दिवस पर शनिवार को जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को क्षय रोग के बारे में जानकारी दी गई। कहा गया कि यह एक संक्रामक बीमारी है। इससे बचने के लिए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बलगम जांच की व्यवस्था अब जिला अस्पताल स्थित क्षय रोग यूनिट में ही उपलब्ध है।
ऐसे में वे अपने बलगम की जांच आसानी से करा सकते हैं। शनिवार को जनजागरूकता रैली को क्षय रोग कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए सीएमओ मेजर डॉ. बीपी सिंह ने कहा कि क्षय रोग संक्रामक बीमारी है। इससे बचाव के लिए सभी को जागरूक होना होगा।
यदि किसी को टीबी रोग की आशंका हो, तो वह तत्काल जिला अस्पताल स्थित क्षय रोग यूनिट में पहुंचकर अपने बलगम की जांच करा सकता है। पूर्व में बलगम की जांच लखनऊ में करानी पड़ती थी, लेकिन अब इसकी सुविधा जिले में ही संभव हो गई है। कहा कि सुबह के पहले बलगम की जांच से रोग के बारे में स्पष्ट जानकारी होती है।
टीबी रोग की दवाएं सभी सीएचसी व पीएचसी पर उपलब्ध हैं। मरीज इन्हें निशुल्क हासिल कर सकता है। क्षय रोग अधिकारी डॉ. केके झा ने बताया कि जागरूकता के आधार पर इस रोग से बचा जा सकता है। इसके लिए साफ सफाई अत्यंत आवश्यक है।
रैली पटेलनगर तिराहा, अकबरपुर बस स्टेशन, तहसील तिराहा, शहजादपुर, मालीपुर चौराहा, फौव्वारा तिराहा, पुराने तहसील तिराहा होते हुए जिला अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान डॉ. केएस पांडेय, डॉ. आरपी जायसवाल, डॉ. मनोज, प्रेम बहादुर, वीके चौधरी आदि मौजूद रहे।