भीटी। थाना क्षेत्र के भगवान पट्टी निवासी एक दबंग ने गांव के ही एक अधेड़ के घर में असलहा समेत घुस कर सोते समय उसकी हत्या का प्रयास किया। अधेड़ के पुत्र की सक्रियता के चलते उसकी जान बच गई। सूचना पर पहुंची पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पिस्टल व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव भगवान पट्टी निवासी राजकुमार तिवारी रविवार अपरान्ह घर में सो रहे थे। इसी बीच गांव निवासी अनिल तिवारी पिस्टल लेकर घर में घुस गया और गाली गलौज शुरू कर दिया। हल्ला सुन उसका पुत्र भगवान प्रसाद तिवारी कमरे में गया तो आरोपी हाथ में पिस्टल लेकर उनके पिता को मारने के लिए झपट पड़ा। उन्हें बचाने के लिए उसके व आरोपी के बीच पिस्टल को लेकर छीना झपटी होने लगी।
इस दौरान आरोपी ने उसकी पिटाई भी की, जिससे वह घायल हो गया। मौका पाकर परिवारीजनों ने घटना की जानकारी डायल 112 की टीम को दे दिया। इस पर कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पिस्टल व दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।
आरोपी को थाने ले जाया गया। बाद में भगवान प्रसाद तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष दयाशंकर मित्रा ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी का चालान किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
-