टांडा। कब्जा करने पहुंचे लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने बुधवार शाम एक सिलाई सेंटर व ब्यूटी पार्लर पर जमकर तोड़फोड़ की और सामान बाहर फेंक दिया। विरोध करने पर न सिर्फ सेंटर संचालिका की जमकर पिटाई की गई, बल्कि सिलाई कढ़ाई सीखने पहुंची युवतियों की भी पिटाई की गई। चीख पुकार पर जब तक आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। तोडफ़ोड़ में लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ। बाद में सेंटर संचालिका ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
मामला टांडा कोतवाली अन्तर्गत पकड़ी भोजपुर का है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुनीता (40) पत्नी जवाहिर स्थानीय पकड़ी भोजपुर बाजार में सिलाई कढ़ाई केंद्र व ब्यूटी पार्लर का संचालन करती है। प्रतिदिन की तरह बुधवार सायं केंद्र का संचालन हो रहा था। कुछ युवतियों सिलाई सीखने के लिए सेंटर पर मौजूद थीं। सुनीता उन्हें सिलाई कढ़ाई के तौर तरीके सिखा रही थी। आरोप है कि इसी बीच गांव के कुद लोग लाठी डंडे से लैसे होकर उसके सेंटर पर पहुंचे। दुकान पर कब्जा करने के उद्देश्य से दोनों सेंटर पर तोड़फोड़ शुरू कर दिया। दुकान में रखे सामान उठाकर बाहर फेंकने लगे। आरोप है कि जब इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने न सिर्फ सुनीता की लाठी डंडों से पिटाई कर दी, बल्कि सिलाई सीखने आईं रेनू, अर्पिता, अमिता व शबनम को भी पीट दिया।
चीख पुकार पर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। लगभग आधा घंटे तक चली तोड़फोड़ व हंगामे से मौके पर हड़कंप मचा रहा। पीड़िता के अनुसार लगभग चार लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। बाद में पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर मिली है। घायल महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।