अंबेडकरनगर। आंशिक कर्फ्यू के बीच रविवार को एक बार फिर से एटीएम सेवा बेपटरी हो गई। सुबह से ही धन निकासी के लिए उपभोक्ता एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाने को मजबूर हुए। कहीं कैश की कमी के चलते एटीएम के शटर नहीं खुल सके, तो कहीं तकनीकी गड़बड़ी के चलते उपभोक्ताओं को लाभ नहीं मिल सका। आलम यह रहा कि रविवार को जिला मुख्यालय पर ही लगभग 15 एटीएम के शटर नहीं खुल सके। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने कहा कि आम नागरिकों के हित को देखते हुए एटीएम सेवा सुचारू रूप से कार्य कर सके, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए।
अवकाश के दिनों में अक्सर जवाब दे जाने वाली एटीएम सेवा रविवार को फिर से बेपटरी हो गई। आंशिक कर्फ्यू के बीच एटीएम सेवा के जवाब देने से आम नागरिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्हें एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा। कहीं कैश की कमी के चलते एटीएम के शटर नहीं खुल सके, तो कहीं तकनीकी गड़बड़ी के चलते उपभोक्ताओं को लाभ नहीं मिल सका। इससे लोग इधर-उधर भटकते रहे।
उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं की समस्या और भी इसके चलते बढ़ गई। अकबरपुर के राम कुमार व शहजादपुर के गोलू ने कहा कि एटीएम सेवा का सुचारु लाभ उपभोक्ताओं को मिल सके, इसके लिए जिम्मेदारों को ठोस कदम उठाना चाहिए। उधर, एलडीएम आशीष कुमार सिंह ने बताया कि सभी एटीएम सुचारू रूप से संचालित हुए। कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत सामने नहीं आई।