अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय के बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें विद्युत कटौती से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा। मरैला विद्युत उपकेंद्र के लिए रिले हाउजिंग नामक वह उपकरण उपलब्ध हो गया है, जिसके अभाव में अकसर विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित होती रहती थी। अभी बिगड़े हुए उपकरण की किसी तरह मरम्मत कर काम चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही नया उपकरण लगा दिया जाएगा। इसके बाद करीब एक लाख आबादी को सुचारु ढंग से बिजली मिलने लगेगी।
लंबे समय से बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अमर उजाला की ओर से बिजली संकट को लेकर चलाई गई मुहिम का असर एक-एक कर होने लगा है। जिला मुख्यालय के उपभोक्ताओं को विद्युत उपकेंद्र मरैला और टाउन उपकेंद्र से ही मुख्य रूप से बिजली की आपूर्ति होती है। इसमें मरैला उपकेंद्र की हालत सबसे खराब चली आ रही है, जिसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
अमर उजाला की ओर से लगातार खबर प्रकाशित करने पर बीते दिनों अधिशाषी अभियंता वीके पटेल मरैला के औचक निरीक्षण पर पहुंचे और लापरवाह 4 संविदा कर्मियों को वहां से हटाए जाने की संस्तुति कर दी। उपकेंद्र में लगा रिले हाउजिंग उपकरण खराब हो जाने की वजह से भी आपूर्ति में व्यवधान आए दिन हो रहा था। इसके लिए विभाग ने जरूरी पत्राचार किया था, लेकिन मंजूरी नहीं मिल पा रही थी।
इस बीच विभाग ने स्थानीय स्तर पर नए उपकरण का प्रबंध कर लिया है। जल्द ही दो से 3 घंटे की बिजली बाधित कर उपकरण बदलने की तैयारी है। पुराने उपकरण के चलते 5 दिन पहले ही लगभग 6 घंटे तक शहर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप रही थी। इससे पहले भी कई-कई घंटे व्यवधान उपभोक्ता झेल चुके थे। इसे देखते हुए ही अमर उजाला ने मुहिम चलाई थी। अब यह उपकरण उपलब्ध हो जाने से मुश्किलें दूर होने की उम्मीद है। जल्द ही नया उपकरण उपकेेंद्र में लगा दिया जाएगा। इसके बाद करीब एक लाख आबादी को सुचारु ढंग से बिजली मिलने लगेगी। उन्हें विद्युत कटौती की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
उपभोक्ताओं को मिलेगी सुचारु बिजली
मरैला उपकेंद्र में जिस जर्जर उपकरण की वजह से आपूर्ति में व्यवधान हो रहा था, वह उपकरण उपलब्ध हो गया है। उसे जल्द ही बदल लिया जाएगा। इसके बाद सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। अन्य जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।
- वीके पटेल, अधिशाषी अभियंता विद्युत