अंबेडकरनगर। खाद की कमी किसानों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। खाद की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण किसान परेशान हैं। सहकारी समितियों और पीसीएफ कृषक सेवा केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार घंटों लाइन में खड़े जाने के बाद भी उन्हें यूरिया की एक बोरी मिलना भी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
साधन सहकारी समिति अकबरपुर के बाहर दोपहर 12 बजे किसान खाद लेने के लिए पहुंचे, अंदर जाने पर उन्हें खाद न होने की बात बताकर वापस लौटा दिया। बताया कि शुक्रवार को 375 बोरी खाद समिति पर आई थी। शनिवार सुबह आठ बजे खाद समाप्त हो गई। इसके बाद किसान मायूस होकर वापस लौट गए।
साधन सहकारी समिति अन्नावा पर यूरिया लेने के लिए कतार में खड़े दुल्लापुर निवासी बालाराम यादव ने बताया कि सुबह 9.30 बजे से खाद लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं। अपराह्न चार बजे तक खाद नहीं मिली। समिति पर मौजूद घाघूपुर निवासी अभिषेक यादव भी सुबह से एक बोरी यूरिया लेने के लिए सात घंटे से इंतजार करते मिले। साधन सहकारी समिति अरई में खाद लेने आए किसान वापस लौट गए।
फोटो-15
18 किमी साइकिल चलाकर खाद लेने पहुंचे
सहकारी समिति जलालपुर में सुबह से किसानों की कतार लगी रही। अपराह्न चार बजे तक 150 बोरी यूरिया किसानों को वितरित कराई जा चुकी थी। कतार में लगे रसूलपुर बाकरगंज निवासी प्रदीप 18 किमी दूर से खाद लेने आए थे। शाम 4.30 बजे एक बोरी यूरिया मिल सकी।
दो दिन बाद बुलाया
फोटो-16
साधन सहकारी समिति अकबरपुर पर आठ किमी दूर लोरपुर से यूरिया लेने पहुंचे रामबली ने बताया कि एक बोरी यूरिया लेने आए थे, लेकिन यहां आने के बाद पता चला की सुबह नौ बजे ही खाद समाप्त हो गई है। अब दो दिन बाद खाद मिलेगी।
सोमवार को आएगा नंबर
फोटो-17
साधन सहकारी समिति अकबरपुर के मुख्य द्वार पर खड़े बहोरिकपुर कैशल ने बताया कि अन्नावा समिति पर भारी भीड़ के चलते आठ किलोमीटर दूर से यूरिया लेने आया हूं, लेकिन यहां मौजूद कर्मचारियों ने सोमवार को खाद मिलने की बात बताई है।
-
कहां जा रही खाद अधिकारियों को भी नहीं पता
जिले में खाद की किल्लत बनी हुई है। खाद की खेप समितियों पर पहुंचते ही पल भर में समाप्त हो जा रही है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर इतनी खाद जा कहां रही है? विभाग का दावा है कि खाद नियमित रूप से भेजी जा रही है। अब तक 41200 एमटी यूरिया का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 45000 एमटी यूरिया का प्रेषण कराया जा चुका है।
आज भी होगा यूरिया का वितरण
शनिवार की सुबह खाद समाप्त होने की सूचना मिलने के बाद 99 समितियों पर 36 हजार बोरी खाद और भेज दी गई है। रात में भी खाद भेजी जाएगी। रविवार को भी समितियों पर खाद का वितरण कराया जाएगा।
- राघवेंद्र प्रताप शुक्ल, एआर कोऑपरेटिव