अंबेडकरनगर। थाना समाधान दिवस अब केवल नाम का रह गया है। न पीड़ितों को समाधान मिल रहा, न ही अफसरों की तरफ से ठोस पहल की जा रही है। शनिवार को आयोजित समाधान दिवस ने एक बार फिर इस आयोजन की साख पर सवाल खड़े कर दिए। कई पीड़ित दो से तीन वर्षों से न्याय की आस में थानों के चक्कर काट रहे हैं।
अकबरपुर के रूकनुद्दीनपुर निवासी शम्भू वर्मा ने बताया कि वह अपने बैट्री रिक्शे से अपने चाचा के बेटे को लेकर घर जा रहा था। तभी रास्ते में आधा दर्जन लोगों ने उसकी पिटाई की। सीओ नीतीश कुमार ने केस दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए। अकबरपुर में 10 शिकायतों में पांच का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष के लिए निस्तारण के लिए अधिकारियों ने पुलिस व राजस्व की टीम गठित कर एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश दिए। जलालपुर में पांच, कटका में दो, जैतपुर में दो और मालीपुर में तीन शिकायतें पहुंची।
-
दिव्यांग की राह में बाधा
फोटो - 12
जलालपुर डिहवा इस्माइलपुर निवासी विनोद चौहान पैर से दिव्यांग हैं। उन्होंने बताया कि उनके गांव में सार्वजनिक रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से गेट लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। विनोद चौहान का कहना है कि उन्होंने तहसील से लेकर थाने तक लगभग दस बार शिकायत पत्र दिए हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा
फोटो - 13
मालीपुर निवासी सोहनलाल जलालपुर स्थित मंदिर के पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि जफ्फरपुर मलगुजार में स्थित उनकी पैतृक जमीन पर कुछ विपक्षी लोग जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। तीन बार शिकायत पत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
-