अंबेडकरनगर। अयोध्या मंडल स्तर पर वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अकबरपुर चीनी मिल को तीसरा और सहकारी गन्ना समितियों में अकबरपुर प्रथम को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी दिनों में स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार मंडलायुक्त की अध्यक्षता वाली समिति नेे चीनी मिलों, सहकारी गन्ना समितियों, गन्ना कृषकों, युवा कृषकों व महिला समूहों का मूल्यांकन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान तय किए हैं। चीनी मिलों में हैदरगढ़ चीनी मिल को प्रथम और रौजागांव को द्वितीय स्थान मिला, जबकि अकबरपुर चीनी मिल ने अपनी कार्यप्रणाली और उपलब्धियों के बल पर तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। तय मानकों और कार्यों के आधार पर अकबरपुर समिति को प्रथम स्थान मिला। बाराबंकी की हैदरगढ़ समिति को दूसरा तथा बुढ़वल समिति को तीसरा स्थान मिला। हालांकि प्रगतिशील गन्ना किसान, प्रगतिशील युवा गन्ना किसान और महिला स्वयं सहायता समूह की श्रेणी में अंबेडकरनगर का योगदान शून्य रहा। जिला गन्ना अधिकारी एसएल ने बताया कि गन्ना समिति और मिल को मंडल स्तर पर पुरस्कार मिलना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।