जिला अस्पताल में परचा बनवाने के लिए लगी लोगों की कतार।
अंबेडकरनगर। बीते दिनों से पड़ रही गर्मी के बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जैसे ही अस्पताल की ओपीडी खुली वैसे ही मरीजों की भीड़ टूट पड़ी। हालांकि, सीएम के दौरे के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं ठीक-ठाक किए गए थे, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। लेकिन इसके बावजूद भी लोगों को परचा बनवाने से लेकर डाक्टर को दिखाने तक की प्रक्रिया में काफी इंतजार करना पड़ा।
वहीं, एक्सरे के लिए भी लोगों को घंटों बैठना पड़ा। दवा वितरण कक्ष में दो अतिरिक्त काउंटर थे, जिससे वहां पर भीड़ नहीं थी। ओपीडी में मरीजों का इलाज कर रहे डाॅक्टर विवेक पांडेय ने बताया कि मौसम के कारण इन दिनों पेट रोग से परेशान मरीज अधिक आ रहे हैं।
घर से उठा लाए पुराना परचा
रामपुर सकरवारी स्थित अशरफाबाद के रहने वाले रामजनम अपने बेटे अमित की दवा लेने के लिए जिला अस्पताल आए थे। गलती से वह पुराना परचा उठा लाए थे। जब वह चिकित्सक को दिखाने गए तो उनसे नया परचा बनवाने के लिए कहा गया। भीड़ ज्यादा होने की वजह से उनको एक घंटे कतार में खड़े होकर परचा बनवाना पड़ा
एक्सरे के लिए करना पड़ा इंतजार
सड़क दुर्घटना में घायल हुए दुल्लापुर के रमेश को चिकित्सक ने एक्सरे कराने के लिए कहा था। जिसके बाद वह सोमवार को पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भीड़ अधिक होने के कारण एक्सरे के लिए आधा घंटा इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल आने वाले मरीजों का समय से इलाज किया गया। परचा बनवाने को लेकर लोगों को जल्दी रहती है। वहीं, दवा लेने के लिए भीड़ सामान्य थी।
- डॉ. पीएन यादव, सीएमएस