अंबेडकरनगर। अकबरपुर के शहजादपुर के सराफा मार्केट में सोने के आभूषण बनाने वाला पश्चिम बंगाल का कारीगर सुल्तानपुर के सराफा व्यवसायी का 40 ग्राम सोना व 20 हजार रुपये लेकर भाग गया। मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर जांच शुरू की है।
सुल्तानपुर जिले के कामतागंज निवासी जयप्रकाश अग्रहरि ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि कामतागंज में उनकी ज्वेलरी की दुकान है। कई वर्ष से वह अकबरपुर के शहजादपुर में सराफा बाजार स्टेशन रोड से सोने के आभूषण बनवाते रहे हैं। यहां पश्चिम बंगाल के दासपुर जिले के हरे कृष्णापुर निवासी कारीगर सुरजीत पोरिया पिछले काफी समय से जेवर बनाने का काम करता था, इसलिए लोगों को उस पर भरोसा था।
जयप्रकाश ने 27 फरवरी को उसे 40 ग्राम सोना देकर ब्रेसलेट बनवाने का ऑर्डर दिया था। तीन मार्च 2025 को सुरजीत को 20 हजार रुपये फोन पे के जरिए भुगतान भी किया था। इस पर सुरजीत ने 10 दिन में ब्रेसलेट बनाकर देने की वादा किया था। समय बीतने के बाद उसका फोन नहीं आया। इसके बाद जयप्रकाश ने फोन किया तो लगातार स्विच ऑफ बता रहा है।
इस पर जयप्रकाश ने अकबरपुर आकर पूछताछ की तो पता चला कि उसके अलावा कई अन्य लोगों से भी उसने सोने और नकद रुपये लिए और चंपत हो गया है। माना जा रहा है कि लाखों रुपये का लोगों को चूना लगाया है। काफी तलाश के बाद भी सुरजीत का पता नहीं चला तो पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस से शिकायत की। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि ठगी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।